देशभर में हॉस्पिटल का बड़ा ब्रांड मेदांता अस्पताल की चेन चलाने वाली कंपनी ग्लोबल हेल्थ के आईपीओ की क्लोजिंग होने वाली है। इस बीच खबर आई है कि ग्लोबल हेल्थ 350 करोड़ रुपये के निवेश से नोएडा में 1000 बिस्तरों वाला अस्पताल बना रही है। प्रसिद्ध चिकित्सक नरेश त्रेहन की ‘मेदांता’ ब्रांड के तहत पांच सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों का संचालन करती है।
2027 तक तैयार होने की उम्मीद: ग्लोबल हेल्थ समूह के मुख्य कार्यकारी पंकज साहनी ने कहा कि नोएडा का हमारा अस्पताल 2026-27 तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इसके बाद हमारे यहां बिस्तरों की संख्या मौजूदा 2,500 से बढ़कर 3,500 हो जाएगी। इस अस्पताल का स्वामित्व पूरी तरह से हमारे पास होगा क्योंकि संपत्ति को 99 वर्ष के लिए पट्टे पर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह अस्पताल आठ लाख वर्गफुट में बनाया जा रहा है और इसका पहला चरण 2024-25 तक पूरा हो जाएगा, पहले चरण में 300 बिस्तर होंगे। वहीं, 2026-27 तक बिस्तरों की संख्या बढ़कर 1,000 हो जाएगी।
आईपीओ की डिटेल: आईपीओ के लिए इश्यू प्राइस 319-336 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसका लॉट साइज 44 शेयरों का है। रिटेल निवेशक 13 लॉट पर दांव लगा सकते हैं। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष 2021-22 में कुल 2,205.8 करोड़ रुपये की आय अर्जित की थी। इस दौरान उसे 196.2 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।