Gujarat Election 2022: कुछ महीनों पहले कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए इंद्रनील राजगुरु आप में ज्यादा दिनों तक नहीं रह सके। चुनाव से ठीक पहले उन्होंने फिरसे कांग्रेस में वापसी की है। इस दौरान उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
इंद्रनील राजगुरु ने कहा कि AAP आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के साथ मिलकर काम कर रही है। शुक्रवार (4 नवंबर) को कांग्रेस में फिर से शामिल हुए पूर्व आप नेता ने कहा कि गुजरात में आगामी चुनावों के लिए केजरीवाल की पार्टी के उम्मीदवारों का फैसला बीजेपी कर रही है।
प्लेन से पैसा भरकर लाते हैं: इंद्रनील राजगुरु ने अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए। राजगुरु ने कहा कि आम आदमी पार्टी के बारे में कहा जाता है कि ये भ्रष्टाचार नहीं करती, मैंने कई बार पूछा कि इतना पैसा कहां से आ रहा है? इसका जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 1 अक्टूबर को केजरीवाल और मान प्लेन से पैसा भरकर लाए थे।
आप पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूर्व आप नेता ने कहा, “मैंने पार्टी में काफी पैसा आते भी देखा। जब दोनों मुख्यमंत्री राजकोट आए थे, तो मैंने इसके बारे में पूछा। इसके बाद उन्होंने एक हवाई विमान की ओर इशारा किया और कहा कि ऐसे। यह एक ऐसी पार्टी है जो लोगों को बेवकूफ बनाती है इसलिए मैं कांग्रेस में लौट आया।”