गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद राजनीतिक दलों की हलचल और ज्यादा बढ़ गई है। राज्य में फिर से सत्ता पर काबिज होने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत लगा रही है। इस बीच किए गए एक सर्वे से बीजेपी को राहत मिलती दिख रही है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ओपिनियन पोल की तरफ से किए गए सर्वे में पता लगाया गया कि किस दल को सबसे अधिक ओबीसी वोटरों का साथ मिल सकता है। इस सर्वे के जो आंकड़े सामने आए हैं, वो बीजेपी को बेहद राहत पहुंचाने वाले हैं।
ओपिनियन पोल में सामने आया कि गुजरात में ओबीसी वोटरों में भाजपा पहली पसंद देखी जा रही है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ओपिनियन पोल में 48 फीसद ओबीसी वोटरों ने भाजपा को अपनी पहली पसंद बताया है। वहीं, 31 फीसद ने आम आदमी पार्टी और 14 फीसद ने कांग्रेस को अपनी पहली पसंद माना है। हालांकि, इस सर्वे में सात फीसद लोग ऐसे भी थे, जो अपनी ही जाति के उम्मीदवार को मत देने को पहली पसंद मानते हैं।
वहीं, सर्वे में यह भी सवाल किया गया कि आखिर किस पार्टी को गुजरात में महिला वोटर्स का सबसे अधिक साथ मिलता दिख रहा है। इस मामले में भी भाजपा ही आगे है। सर्वे के मुताबिक, महिला मतदाताओं की सबसे अधिक पसंद भाजपा ही है। हालांकि, इस सर्वे में आप को भी काफी बढ़त मिलती दिख रही है। बता दें कि इस बार गुजरात विधानसभा चुनाव इसलिए भी काफी खास है क्योंकि मैदान में बीजेपी और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी मैदान में है और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
सर्वे के दौरान महिलाओं से सवाल किया गया कि गुजरात में कौन सी राजनीतिक पार्टी उनकी पहली पसंद है। इसके जवाब में 48 फीसद महिलाओं ने भाजपा को अपनी पसंद बताया। वहीं, दूसरे नबंर पर आम आदमी पार्टी रही, 33 फीसद महिलाओं ने आप को अपनी पसंद बताया है।