देव दीपावली पर्व पर 10 लाख से अधिक लोगों ने किसी न किसी रूप में अपनी भागीदारी दर्ज किया। काशी के पथरीले घाटों पर गोधूलि वेला में जब लाखों लाख दीपक महज पांच मिनटों के अंतराल में एक साथ झिलमिलाए तो इहलोक में देवलोक-सा दृश्य आंखों के सामने हुआ। हजारों देसी-विदेशी पर्यटक और उनके कैमरे विश्व का भव्यतम दीपोत्सव के मनोरम दृश्य का साक्षी बनेंगे और अमिट स्मृतियों के साथ यहां से जाएंगे।
देव दीपावली पर अबकी प्रशासन की ओर से गंगा के 84 घाटों पर दस लाख व गंगा उस पार पांच लाख दीपक जलाया गया। वहीं लगभग छह लाख दीपक समितियों व भक्तों की ओर से जलाने की बात है। प्रशासन की ओर से गंगा घाटों की सुरक्षा व दीया- बाती-तेल वितरण के लिए बीस सेक्टर में बांटा गया।
कार्तिक मास की पूर्णिमा पर काशी की अदभुत अलौकिक और दिव्य दीपावली चौरासी गंगा घाटों पर अपनी स्वर्णिम आभा बिखेर रही है। शाम को दीपों की दपदप, विद्युत झालरों की जगमग, सुरों की खनक, कहीं गीत-संगीत की सरिता बह रही है। फूलों की सुवास तो कहीं चटकीले रंगों का वास। सच कहें तो गंगा की लहरों पर सतरंगी इंद्रधनुष आकाश से उतर आया। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में शुक्रवार शाम गंगधार स्वर्ण रश्मियों की फुहार से नहाई।
उत्तरवाहिनी गंगा का विस्तृत पाट टिमटिमाते दीपों की जगमग में डूब गया। इसने गंगा के समानांतर ज्योति गंगा के हिलोर लेने का आभास दिया। आरती की लौ, धूप-दीप, लोबान की सुवास के बीच धार्मिक-सांस्कृतिक अनुष्ठान किया। मां गंगा की महाआरती करते बटुक तो चंवर डोलाती कन्याएं।