टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के कार एक्सीडेंट मामले में मुंबई की शीर्ष स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ अनाहिता पंडोले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। डॉक्टर पर गैर-इरादतन हत्या का आरोप लगा है। जिस वक्त यह दुर्घटना हुई, उस समय मिस्त्री की मर्सिडीज डॉक्टर अनाहिता पंडोले चला रही थी और मिस्त्री कार में पीछे बैठे थे।
पुलिस ने अनाहिता के पति डेरियस पंडोले का बयान दर्ज कर मामला दर्ज किया है। कार दुर्घटना में बाल-बाल बचे डेरियस पंडोले को पिछले महीने के अंत में मुंबई के एक अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। डॉक्टर पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है। बता दें कि शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप के वंशज साइरस मिस्त्री की सितंबर में महाराष्ट्र के पालघर में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी।
कार को कंट्रोल नहीं कर पाई थीं अनाहिता
मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर हुए इस कार एक्सीडेंट में साइरस मिस्त्री की सितंबर में महाराष्ट्र के पालघर में मौत हो गई थी। इस हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए थे। पुलिस 2 महीने से जांच में जुटी है और एक्सीडेंट के कारणों का पता लगाने में लगी है। पुलिस ने बताया कि मामले में डॉ. अनाहिता पंडोले के पति का बयान दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अचानक लेन बदलने की वजह से यह हादसा हुआ, जिसमें अनाहिता कार को कंट्रोल नहीं कर सकीं।
डेरियस का कहना है कि अचानक लेन बदलने के बाद कार के सामने एक वाहन आ गया और अनाहिता कार को कंट्रोल नहीं कर पाईं। अनाहिता और उनके पति डेरियस को भी गंभीर चोटें आई थीं और उनका इलाज चल रहा है। डेरियस को तो अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, लेकिन अनाहिता का अभी भी ट्रीटमेंट चल रहा है इसलिए उनका बयान दर्ज नहीं किया गया।
यह कार एक्सीडेंट 4 सितंबर को हुआ था। साइरस मिस्त्री गुजरात से महाराष्ट्र लौट रहे थे। इस दौरान मिस्त्री के अलावा उनके एक दोस्त जहांगीर पंडोले, डॉक्टर अनाहिता पंडोले और उनके पति डेरियस पंडोले भी मौजूद थे। पालघर जिले में कासा नदी के पुल के पास हुई इस कार दुर्घटना में साइरस मिस्त्री और उनके दोस्त जहांगीर पंडोले की मौत हो गई थी।