Gujarat And Himachal Election: हिमाचल प्रदेश और गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर गुलाम नबी आजाद की टिप्पणी पर कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया है। उन्होंने एक ट्वीट कर कहा है कि क्या गुलाम नबी आजाद भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना चाहेंगे। दरअसल गुलाम नबी आजाद ने कहा था कि कांग्रेस से अलग वो भले ही हुए हैं लेकिन वो चाहते हैं कि कांग्रेस गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में अपना बेहतर प्रदर्शन करे।
गुलाम नबी आजाद के इस बयान पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने गुलाम नबी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का ऑफर दे दिया। बता दें कि आजाद ने इस साल कांग्रेस से अलग होकर अक्टूबर में अपने नए राजनीतिक संगठन ‘डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी’ की घोषणा की थी।
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा:
गुलाम नबी आजाद के बयान के बाद दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट में लिखा, “शुक्रिया भाई जान, लेकिन फिर कांग्रेस छोड़ने की वज़ह समझ में नहीं आई। जिस कांग्रेस ने आपको क्या नहीं दिया, आप उसे छोड़ कर चले गए। आपने ठीक नहीं किया। भारत जोड़ो यात्रा को अच्छा समर्थन मिल रहा है, क्या आप उसमें शामिल होना चाहेंगे?
क्या कहा था गुलाम नबी आजाद ने:
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक गुलाम नबी आजाद ने कहा था, “मैं कांग्रेस से अलग हो गया हूं लेकिन मैं उनकी धर्मनिरपेक्षता को लेकर जो नीति है, उसके खिलाफ नहीं था। केवल पार्टी के आतंरिक सिस्टम के कमजोर होने के कारण अलग हुआ। मैं अब भी चाहता हूं कि कांग्रेस गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करे।”
भाजपा को सिर्फ कांग्रेस ही टक्कर दे सकती है:
आजाद ने कहा कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावों में भाजपा को केवल कांग्रेस ही टक्कर दे सकती है। जबकि AAP केवल केंद्र शासित राज्य दिल्ली की पार्टी है। बता दें कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि आप सिर्फ हवाई माहौल में है, जमीनी स्तर पर वो नहीं है।