Gujarat Assembly Election: भारत जोड़ो यात्रा के बीच गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय आने लगी है। रविवार(6 नवंबर) को राहुल गांधी ने एक ट्वीट में गुजरात चुनाव को लेकर कांग्रेस के आठ वचनों को शेयर किया। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा कि कांग्रेस लोगों को भाजपा के डबल इंजन के धोखे से बचाएगी।
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में गुजरात चुनाव को लेकर कई वादे किए। उन्होंने लिखा, “500 रुपये में LPG सिलेंडर, युवाओं को 10 लाख नौकरियां, किसानों का 3 लाख तक क़र्ज़ा माफ़ – हम, गुजरात के लोगों से किए सारे कांग्रेस के 8 वचन निभाएंगे। भाजपा के ‘डबल इंजन’ के धोखे से बचाएंगे, प्रदेश में परिवर्तन का उत्सव मनाएंगे।”
कांग्रेस के आठ वचनों में घरेलू महिलाओं, शिक्षा, युवाओं, कोरोना पीड़ितों, स्वास्थ्य, किसानों और गुजरात की सुरक्षा को लेकर वादा किया है। कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो घरेलू महिलाओं को गैस सिलेंडर 500 रुपये में और घरेली बिजली की 300 यूनिट फ्री होगी। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की बात कही गई है।
कांग्रेस का कहना है कि गुजरात कांग्रेस के आठ वचनों संग 1 व 5 दिसंबर को परिवर्तन का उत्सव मनाएगा। इन वचनों में केजी से पीजी तक के लिए लड़कियों की शिक्षा मुफ्त, अंग्रेजी माध्य्म के 3000 नए स्कूल खोले जाएंगे। वहीं 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, कॉन्ट्रैक्ट की जगह पक्की नौकरी व बेरोजगारों को 3000 रुपये भत्ता दिया जाएगा।