प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने कहा कि वह सोलन के ‘डबल कर्जदार’ हैं। उनका कहना था कि सोलन ने उन्हें राजनीति के बारे में बहुत कुछ सिखाया है। बकौल मोदी, सोलन ने उन्हें बहुत ही अच्छे ढंग से सिखाया है, तो भरपेट खूब खिलाया भी है। यही वजह है कि वह सोलन के डबल कर्जदार है।
शनिवार को हिमाचल प्रदेश में चुनावी जनसभा को सोलन में संबोधित करते हुए पीएम मोदी का कहना था कि उनको पूरा विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2012-2017 के शासनकाल में कांग्रेस ने विकास की सभी कल्याणकारी योजनाओं को ठप कर दिया।
कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी मिथक तोड़ने का समय आ गया है, और हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनेगी। मोदी का कहना था कि वह दुनिया के किसी भी कोने में रहें, लेकिन हिमाचल प्रदेश के प्रति उनका लगाव हमेशा ही बना रहता है।
मोदी ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर हिमाचल प्रदेश का कर्ज नहीं उतार सकते हैं। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट दें कि विकास के कार्यों के जरिए वह लोगों के जीवन को आसान बना सकें। लोगों को भरोसा दिलया कि डबल इंजन की सरकार से विकास से जुड़ कई प्रोजेक्टों को शुरू किया जाएगा।
कांग्रेस शासनकाल में हिमाचल प्रदेश पिछड़ा
कांग्रेस पर जमकर प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हिमाचल प्रदेश बहुत ही ज्यादा पिछड़ गया। 2012 से 2017 के कांग्रेस शासनकाल में विकास के नाम पर कांग्रेस ने कुछ भी नहीं किया। लेकिन, पिछले पांच सालों में भाजपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए विकास से जुड़ी कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। चाहे सस्ते मकान बनवाने की बात हो या फिर हर नल जल की बात हो, भाजपा ने सभी की जरूरतों का ख्याल रखा है।
यूपी, उत्तराखंड के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी बदलेगा रिवाज
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के कार्यों पर लोगों को पूरा भरोसा है। चाहे देश की सुरक्षा की बात हो, या फिर लोगों का जीवन आसान बनाने की बात हो, भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा से ही लोगों के बारे में सोचा है। पीएम मोदी का कहना था कि भाजपा के काम पर यूपी और उत्तराखंड में लोगों ने भरोसा जताते हुए दोबारा बीजेपी की सरकार बनाई है। कहा कि उनको पूरा भरोसा है कि इस बार हिमाचल प्रदेश चुनाव में पुराने रिवाज को तोड़ते हुए लोग एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाएंगे।
बीजेपी की रैलियों की बौछार, कांग्रेस प्रत्याशियों को इंतजार
हिमाचल प्रदेश चुनाव में 12 नवंबर को मतदान होने जा रहा है। चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी-आप सहित क्षेत्रीय दल सक्रिय हैं। हैरानी की बात है कि चुनावी मैदान में भाजपा की एक के बाद एक चुनावी रैलियां हो रही हैं। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह से लेकर भाजपा के कई स्टार प्रचारक सियासी पारा बढ़ाते हुए नजर आ रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस सहित अन्य राजनैतिक दलों की ओर से भाजपा को टक्कर देने के लिए कुछ खास नहीं किया जा रहा है।