गुजरात में वोटिंग में अब एक महीने से भी कम का समय रह गया है। 1 और 5 दिसंबर को यहां मतदान होगा और 8 दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे। इस बीच अलग-अलग सर्वे एजेंसी ने ओपिनियन पोल जारी करके रुझानों की ओर इशारा किया है। चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद आए 3 सर्वे के मुताबिक 27 सालों से सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर अपने सबसे बड़े गढ़ में आसानी से जीत हासिल करने जा रही है। तीनों ही सर्वे में दावा किया गया है कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस के वोट शेयर में बड़ा बंटवारा कर सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत और ईटीजी रिसर्च की ओर से किए गए सर्वे में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी को 182 सदस्यीय विधानसभा में 125 से 130 सीटें मिल सकती हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें जीतकर भाजपा को कड़ी टक्कर देने वाली कांग्रेस को इस बार नुकसान हो सकता है। देश की सबसे पुरानी पार्टी को 29-33 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। वहीं, पहली बार गुजरात में सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही ‘आप’ 20-24 सीटों पर कब्जा कर सकती है। अन्य के खाते में 1-3 सीटें जा सकती हैं।
वोट शेयर में कांग्रेस से आगे AAP
सर्वे के मुताबिक, गुजरात में भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में कटौती होती दिख रही है। पिछले चुनाव में 48 फीसदी वोट पाने वाली बीजेपी को इस बार 45 फीसदी वोट मिलने की भविष्यवाणी की गई है। दिलचस्प यह भी है कि कांग्रेस को आम आदमी पार्टी से अधिक वोट शेयर हासिल हो सकता है। सर्वे के नतीजे बताते हैं कि कांग्रेस को 21 फीसदी तो ‘आप’ के हिस्से में 29 फीसदी वोट जा सकते हैं। अन्य को 5 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है।
सीवोटर और मेटराइज के सर्वे का क्या अनुमान
सीवोटर और मेटराइज के सर्वे में भी गुजरात में भाजपा की सरकार बनने की भविष्यवाणी की गई है। सी वोटर के मुताबिक, भाजपा को 131-139 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस को 31-39 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है तो ‘आप’ को 07-15 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 00-02 सीटें जीने की बात कही गई है। इंडिया टीवी मेटराइज के सर्वे के मुताबिक, भगवा दल को 119 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस के हाथ में 59 सीटें आ सकती हैं। आम आदमी पार्टी को 03 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की गई है। अन्य को 1 सीट मिल सकती है। सी-वोटर के मुताबिक, भाजपा को 45 फीसदी वोट शेयर मिल सकता है। कांग्रेस को 29 फीसदी वोट शेयर मिलने की संभावना है तो AAP 20 फीसदी वोट हासिल कर सकती है। अन्य के हिस्से में 6 फीसदी वोट जाने का अनुमान है। इंडिया टीवी मेटराइज के सर्वे के मुताबिक, भाजपा को 51.3 फीसदी वोट मिल सकते हैं। कांग्रेस को 37.2, आम आदमी पार्टी को 7.2 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। 2017 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो बीजेपी को 48.2, कांग्रेस को 42.2 और अन्य को 8.9 फीसदी वोट हासिल हुए थे। आम आदमी पार्टी 29 सीटों पर लड़ी थी और सभी जगह जमानत जब्त हो गई थी।