कांग्रेस ( Congress) की भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र में प्रवेश कर गई है महाराष्ट्र में यह करीब 14 दिन भ्रमण करेगी। कन्याकुमारी से कश्मीर तक कांग्रेस की यह यात्रा दक्षिण भारत को कवर कर चुकी है। अब तक यह तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में घूम चुकी है। महाराष्ट्र में भारत जोड़ो यात्रा कुल 381 किलोमीटर भ्रमण करेगी। यह 15 विधानसभा व 6 संसदीय क्षेत्रों से गुजरेगी।
बीती रात यानी 7 नवंबर में महाराष्ट्र के नांदेड़ (Nanded) जिले में पहुंचने के बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) सहित दूसरे कांग्रेस नेताओं ने एकता मशाल यात्रा निकाली। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को बीच में कोई ताकत नहीं रोक सकती। यह यात्रा श्रीनगर (Srinagar) जाकर ही रुकेगी और वहां हम राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। अब इस पर फिल्ममेकर अशोक पंडित(ashok pandit) भड़क गए हैं।
अशोक पंडित ने किया ट्वीट
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘5 अगस्त 2019 को कश्मीर में राष्ट्रीय ध्वज पहले ही फहराया जा चुका है जब धारा 370 और 35A को निरस्त कर दिया गया था। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हर घर तिरंगा हर रोज मनाया जाता है।’
राहुल गांधी ने क्या कहा था
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ‘चाहे अब आंधी आए, तूफान आए, चाहें कुछ भी हो जाए, भारत जोड़ो यात्रा को अब कोई नहीं रोक सकता है। यह यात्रा श्रीनगर (Srinagar) जाकर ही रुकेगी और वहां हम राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश को एकजुट करना है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि अगले दो हफ्ते में हम इस राज्य का दर्द और दुख सुनेंगे। इसी के साथ उन्होंने युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि इस देश में बेरोजगारी ज्यादा हो रही है। आज इस देश का सच ये है कि इस देश में युवा को रोजगार नहीं मिल सकता है।’
कश्मीर में खत्म होगी यह यात्रा
बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। कुल 3,570 किलोमीटर की यात्रा में इसे अभी 2,355 किलोमीटर की दूरी तय करना बाकी है। यह यात्रा साल 2023 में कश्मीर में खत्म होगी।