Giriraj Singh Latest Statement: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि वो एक्टिंग के सिवा कुछ नहीं करते। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर केजरीवाल बॉलीवुड में होते तो अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार को भी मात दे देते। बता दें कि गिरिराज सिंह बिहार में हुए उपचुनाव पर मीडिया से बात कर रहे थे।
मीडिया से बात करने के दौरान जब उनसे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजर अरविंद केजरीवाल पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “केजरीवाल की बात नहीं करुंगा, वो शायद सिनेमा के अभिनय से ज्यादा कुछ नहीं करते हैं।” उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि कैसे राम जन्मभूमि पर केजरीवाल ने गालियां दी।
गिरिराज सिंह ने कहा, “केजरीवाल राम मंदिर को लेकर कहते हैं कि वो ऐसे मंदिरों में नहीं जाएंगे जहां मस्जिदों को तोड़कर बने।” दिल्ली सीएम पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अभिनय के मास्टर हैं, अगर सिनेमा में होते तो शायद अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार को भी मात देते।
मोकामा की जीत को बताया अनंत सिंह की जीत:
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार में हुए उपचुनाव को लेकर कहा कि मोकामा अनंत सिंह की पत्नी की जीत आरजेडी की नहीं बल्कि अनंत सिंह की जीत है। उन्होंने कहा कि इस जीत को नीतीश कुमार या तेजस्वी यादव की जीत नहीं मानी जाए। गिरिराज सिंह ने कहा कि गोपालगंज में महागठबंधन की 6 पार्टियों ने मिलकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन इसके बाद भी जनता ने भाजपा का समर्थन किया और हमारी जीत हुई।
वहीं मोकामा में भाजपा को मिली हार पर गिरिराज सिंह ने कहा कि वहां हम भले ही हारे हों लेकिन भाजपा को 63 हजार लोगों ने वोट दिया वह भी तब जब हम वहां 27 साल बाद चुनाव लड़ रहे थे।
उपचुनाव के नतीजे:
बता दें कि 6 राज्यों की सात सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे 6 नवंबर को आए। इसमें भाजपा ने यूपी की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की गोपालगंज, हरियाणा की आदमपुर और ओडिशा की धामनगर सीट पर कब्जा किया। वहीं एक सीट शिवसेना उद्धव (बाला साहब ठाकरे) की झोली में आई है। इसके अलावा बिहार की मोकामा सीट पर आरजेडी और टीआरएस ने मुनुगोडे सीट पर जीत हासिल की है।